लुधियाना (राजकुमार साथी)। विश्व सेहत दिवस के मौके पर लोगों को जागरूक करने के लिए सिविल सर्जन डॉ. एसपी सिंह ने जागरुकता वैन रवाना की। इसके साथ ही उन्होंने अपने कार्यालय के पार्क में पौधे भी लगाए। उन्होंने बताया कि सेहत दिवस का इस साल का थीम हमारी धरती हमारी सेहत रखा गया है। जिले भर की सेहत संस्थाएं अपने-अपने तरीके से लोगों को जागरूक करेंगी। उन्होंने कहा कि हमें अपने आसपास सफाई रखनी चाहिए। तभी हमारी हवा, पानी व धरती साफ रह सकती है। सफाई रखकर बीमारियों से बचा जा सकता है। हमें बाजार से प्लास्टिक के लिफाफे नहीं लेने चाहिए। क्योंकि यह हमारे पर्यावरण को दूषित कर रहे हैं। बाजार से मिलने वाले खाद्य पदार्थों का प्रयोग कम मात्रा में करना चाहिए। फल, सब्जियों व फसलों पर ज्यादा जहरीली स्प्रे नहीं करनी चाहिए। तंबाकू, बीड़ी व सिगरेट से बचना चाहिए। डॉक्टर की सलाह के बिना कोई दवा नहीं लेनी चाहिए। इस मौके पर सहायक सिविल सर्जन डॉ. विवेक कटारिया, डॉ. पुनीत सिद्धू, डॉ. गुरतजिंदर कौर, डॉ. साहिल व डॉ. प्रभलीन के अलावा मास मीडिया विभाग के लोग भी मौजूद रहे।