माता-पिता गए हुए थे गांव, ट्यूशन से लौटी बहन ने फंदे से लटका देखा शव
लुधियाना (राजकुमार साथी)। भट्टियां कॉलोनी के निशांत बाग इलाके में 10वीं कक्षा का साइंस का पेपर देकर लौटी छात्रा अंजलि ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय युवती मां-बाप गांव गए हुए थे। ट्यूशन से घर लौटी उसकी बड़ी बहन ने उसका शव फंदे से झूलते हुए देखा। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी। थाना दरेसी की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। अंजलि का परिवार उत्तर प्रदेश के जिला देवरिया में पड़ते गांव बलुआ अफगान का रहने वाला है। दो हफ्ते पहले अंजलि की दादी की गांव में मौत हो गई थी। जिसके चलते उसके माता-पिता गांव गए हुए थे। पुलिस के अनुसार अंजलि की बड़ी बहन ट्यूशन के लिए गई हुई थी। देर शाम वह घर पहुंची तो उसने अंजलि का शव लटका हुआ देखकर शोर मचा दिया। पुलिस के मुताबिक अंजलि के मां-बाप के आने पर पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। क्योंकि पुलिस को कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।