लुधियाना (राजकुमार साथी)। खन्ना पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ आम आदमी पार्टी के नेता दीपक गोयल को गिरफ्तार किया है। उसके गैंगस्टर बंबीहा ग्रुप के साथ जुड़ा होने की बात कही जा रही है। दीपक ने पानीपत के मन्नू नामक व्यक्ति से हथियार मंगवाए थे। उसके साथ ही आकाशदीप व पिंदरी सरपंच नामक दो युवकों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सबसे पहले घुडाणी खुर्द गांव के यादविंदर नामक व्यक्ति को एक पंप गन व पिस्टल समेत गिरफ्तार किया था, उसने बही पिंदरी का नाम बताया था।
यादविंदर के पास हथियारों का जाली लाइसेंस भी मिला है। बताते चलें कि मुख्य आरोपी बताया जा रहा दीपक गोयल पहले भी जेल मेंं रह चुका है। वह अपने इलाके से चुनाव लडऩा चाहता था। अवैध रूप से मंगवाए गए हथियार चुनाव जीतने के लिए इस्तेमाल करना चाहता था। मगर पुलिस की मुस्तैदी के कारण उसका मकसद पूरा नहीं हो सका। उधर, पायल हलका से आम आदमी पार्टी के विधायक मनविंदर सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी किसी अपराधी की हिमायत नहीं करती। अगर उनका अपना बेटा भी ऐसी हरकत करता तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई कराई जाती। मनविंदर ने बताया कि दीपक गोयल चुनाव के समय आम आदमी पार्टी में शामिल हुआ था।